डी पी इंटरनेशनल स्वीमिंग एकेडमी में आज राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयन स्पर्धा में पहली बार सरकारी विद्यालय पोटका के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के दस बच्चों ने भाग लिया।
इसमें विष्णु सरदार को 100 मीटर की स्पर्धा में तृतीय स्थान प्राप्त करने के कारण जिला टीम में चयन कर लिया गया। राम बालक सिंह ने उसे विशेष रुप से पुरस्कृत करते हुए स्वीमिंग किट उपलब्ध कराया।
शिक्षक अरविंद तिवारी के नेतृत्व में आज उत्क्रमित मध्य विद्यालय,टांगराईन के तीस बच्चों की टीम डी पी इंटरनेशनल स्वीमिंग एकेडमी पहुंची। पहली बार किसी तैराकी स्पर्धा में भाग लेने पहुंचे बच्चों का तैराकी संघ के राम बालक सिंह, विकास सिंह एवं अशोक सिंह ने काफी मनोबल बढाया। उन्हें तैराकी प्रतियोगिता के तकनीकों की जानकारी दी। उत्क्रमित मध्य विद्यालय,टांगराईन के बच्चों की टीम के साथ टांगराईन पंचायत के मुखिया राजाराम मुंडा, टांगराईन के ग्राम प्रधान मंगल पात्रो, जोजोडीह के ग्राम प्रधान सिंगराई मांझी,उज्जवल मंडल,पोल्टू मंडल,मंटू भगत,शिक्षक अमल दीक्षित,विश्वजीत सरदार,आदि उपस्थित थे।
समारोह में राम बालक सिंह ने ग्रामीण बच्चों में तैराकी को बढावा देने के लिए सरकारी शिक्षक अरविंद तिवारी के प्रयासों की सराहना की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम टांगराईन गांव जाकर गांव के ही तालाब में अस्थायी टैक बनाकर बच्चों को अभ्यास के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से टांगराईन में स्वीमिंग पुल बनाने की मांग की।
विद्यालय के बच्चों ने तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद डिमना डैम का भ्रमण तथा आईलेक्स में सचिन पर बनी फिल्म भी देखी।